कोखराज के हिनौता बाजार स्थित कास्मेटिक की दुकान में सोमवार की आधी रात आग लग गई। इससे दुकान में रखा सारा सामान राख हो गया। लपटें देख जुटे सैकड़ों ग्रामीण आग बुझाने में घंटों जूझते रहे। भुक्तभोगी के मुताबिक आग लगने से उसे कम से कम 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान में आग बिजली की शार्ट सर्किट से लगी मानी जा रही है।
महेवाघाट कोतवाली के हिनौता गांव निवासी राम विशाल केशरवानी की स्थानीय बाजार मेें कास्मेटिक की दुकान है। शादी का सीजन चलने के कारण इन दिनों दुकान सामानों से भरी हुई है। राम विशाल ने बताया कि रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कराकर घर गया था। इसके करीब दो घंटे बाद ही अचानक उसकी दुकान में आग लग गई। पल में ही लपटें बेकाबू हो गई। दुकान से उठती लपटें देख आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई, तो लोग चीखते-चिल्लाते मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने दुकानदार को भी घटना की जानकारी दी। मौके पर जुटे गांववाले सबमर्सिबल पंप चलाकर आग बुझाने में लगे। करीब दो घंटे तक जूझने के बाद गांववाले किसी तरह आग पर काबू पा सके। जब तक आग बुझती। दुकान का सारा सामान, उपकरण आदि जलकर राख हो चुका था। भुक्तभोगी दुकानदार के मुताबिक आग लगने से उसे कम से कम 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।