बुधवार की सुबह तालाब के किनारे शौच के लिए गया मासूम गहरे पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए कूदे दो भाई भी डूबने लगे। शोरशराबे पर जुटे गांव वालों ने तीनों को तालाब से बाहर तो निकाल लिया, मगर एक की मौत हो गई। बच्चे की मौत से घर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
चरवा थाना क्षेत्र के चरवा पूरब थोक गांव का रहने वाला भोपे लाल गरीब किसान है। वह गांव में ही मेहनत मजदूरी करके अपना व अपने परिवार का पेट पालता है। भोपे लाल सुबह खेत की ओर गया था। साथ में उसके दो बेटे सूरज (5) , नीरज (7) और छोटे भाई का लड़का सोनू (7) भी था। तीनों शौच के लिए तालाब की ओर चले गए। शौच के दौरान सूरज का पैर फिसलने से वह तालाब में गिर गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख दोनों भाइयों ने उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी लेकिन वे दोनों खुद ही गहरे पानी में जाने लगे।
शोरशराबे पर ग्रामीण जुटे और तीनों बच्चों को बाहर निकाला। नीरज और सोनू की तो सांसें चल रहीं थी लेकिन सूरज की मौत हो चुकी थी। दोनाें बच्चों को इलाज के लिए पास के ही सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जहां पर दोनों बच्चों की हालत ठीक बताई जा रही है। सूरज की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।