डोरमा बैंक डकैती का पर्दाफाश
कुख्यात बदमाश सुनील गिरफ्तार
धरपकड़ के दौरान शातिर ने पुलिस टीम पर झोंका फायर, कोई हताहत नहीं
लूट के रुपयों से खरीदी गई बाइक, दो असलहे 70 हजार नगद बरामद, फरार चार आरोपियों की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। बहुचर्चित डोरमा बैंक डकैती कांड का पर्दाफाश करते हुए गुरुवार सुबह पुलिस ने कुख्यात बदमाश सुनील मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। धरपकड़ के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से लूट के रुपयों से खरीदी गई एक पल्सर बाइक, दो अवैध असलहे व 70 हजार रुपया नगद बरामद हुआ है। घटना को अंजाम देने वाले चार डकैत अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के डोरमा गांव स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा में तीन अक्तूबर को डकैती हुई थी। असलहों के बल पर बदमाश करीब दस लाख 14 हजार रुपया लूटकर फरार हो गए थे। मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ। सनसनीखेज वारदात का खुलासा करने के लिए प्रयागराज एसटीएफ के साथ जिले की चार पुलिस टीमें लगाई गईं। गुरुवार सुबह एसओजी व सरायअकिल कोतवाली पुलिस ने सरायअकिल कस्बे से मुखबिर की सूचना पर कुख्यात डकैत सुनील मिश्रा पुत्र राजेन्द्र प्रसाद निवासी प्रतापपुर थाना लालापुर जिला प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया। पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि पकड़ा गया सुनील प्रयागराज के चर्चित जियाखान गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसी ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ में शातिर ने जुर्म कुबूल भी कर लिया है। उसके कब्जे से दो तमंचा व नौ कारतूस बरामद हुआ है। गिरफ्तारी के दौरान घेराबंदी कर रही पुलिस पर बदमाश ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस को भी गोली दागनी पड़ी। हालांकि इस दौरान किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। गिरफ्तार आरोपी को लिखापढ़ी करके जेल भेज दिया गया है।
----
यूपी-एमपी के विभिन्न थानों में दर्ज हैं 16 केस
मंझनपुर (ब्यूरो)। पुलिस के हत्थे चढ़े सुनील मिश्रा पर यूपी व एमपी के विभिन्न थानों में कुल 16 मामले दर्ज हैं। प्रयागराज की कोतवालियों में उसके खिलाफ नौ केस हैं। रीवा मध्य प्रदेश में एक, चित्रकूट में एक, कौशाम्बी में तीन और लखनऊ में भी एक मामला दर्ज है। इनमें ज्यादातर केस डकैती, हत्या के प्रयास, अवैध असलहा रखने और पुलिस मुठभेड़ के हैं।
----
रीवा के मध्यांचल बैंक में की थी 11 लाख की लूट
मंझनपुर (ब्यूरो)। सरायअकिल इंस्पेक्टर प्रदीप रॉय ने बताया कि पकड़े गए शातिर ने अपने साथियों संग मिलकर 25 जुलाई 2018 को रीवा (मध्य प्रदेश) के मध्यांचल ग्रामीण बैंक में 11 लाख रुपये की लूट की थी। वहां के चोरहट थाने में इसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। रीवा पुलिस ने शातिर पर दस हजार रुपये का ईनाम भी घोषित कर रखा है। पड़ोसी प्रांत की पुलिस भी शातिर की सिद्दत से तलाश कर रही है।
----
शंकरगढ़ के बब्लू पांडेय ने की थी रेकी
मंझनपुर (ब्यूरो)। पुलिस के मुताबिक डोरमा बैंक डकैती को अंजाम देने के लिए प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ निवासी शत्रुघ्न उर्फ बब्लू पांडेय ने रेकी की थी। मई 2018 में उसने पड़ोसी जनपद फतेहपुर के खखरेरु कस्बे में रहकर प्लॉन तैयार किया। इसके बाद साथियों संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना का मास्टर माइंड बब्लू ही है। बतादें कि मई में एसटीएफ ने लूट की आशंका जताते हुए कौशाम्बी पुलिस को अलर्ट भी किया था।
----
रीवा में कैद बब्लू के पास है कैमरे का डीबीआर
मंझनपुर। बैंक में डकैती के दौरान बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया था। सिस्टम में लगा डीबीआर साथ लेकर चले गए थे। पकड़े गए आरोपी सुनील मिश्रा ने बताया कि डीबीआर मास्टर माइंड बब्लू के पास है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश राजापुर होते हुए चित्रकूट पहुंच गए थे। इसके बाद कई दिनों तक मैहर में छिपे रहे। वहां से रीवां जाते वक्त रीवां कोतवाली क्षेत्र के ही सेवरिया इलाके में बब्लू की बाइक से दबकर एक छह साल की बच्ची मर गई। जिसके बाद भीड़ ने बब्लू को पीटना शुरू कर दिया। बचाव में बब्लू ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक व्यक्ति मर गया। रीवा पुलिस ने इस मामले में बब्लू को पकड़कर जेल भेज दिया है। कौशाम्बी पुलिस अब डीबीआर बरामद करने के लिए बब्लू को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
----
अब इन फरार आरोपियों की तलाश
0 संतोष मिश्रा पुत्र जगतनारायण निवासी निराला नगर, थाना शंकरगढ़, जिला प्रयागराज।
0 अशोक पाठक उर्फ हाथी पाठक पुत्र रामसेवक निवासी कचौरा घाट, जिला इटावा।
0 शत्रुघ्न पांडेय उर्फ बब्लू पांडेय पुत्र वीरनबली निवासी लाला का पूरा थाना शंकरगढ़ जिला प्रयागराज।
0 सोनू दुबे पुत्र अयोध्या प्रसाद निवासी अरका महमूदपुर, थाना करारी, जिला कौशाम्बी।
----
पुलिस को दस हजार रुपये का इनाम
मंझनपुर (ब्यूरो)। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि कुख्यात डकैत की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को दस हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। गिरफ्तारी में तिल्हापुर चौकी प्रभारी कामता प्रसाद की अहम भूमिका रही। इसलिए एसपी ने उन्हें पांच हजार रुपये का नगद इनाम दिया है। साथ ही मनचाही चौकी का चार्ज देने का भी वादा किया है।
----
इनका कहना है
डोरमा बैंक डकैती कांड में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह शातिर बदमाश हैं। उसके खिलाफ यूपी-एमपी के विभिन्न थानों में 16 मामले दर्ज हैं। घटना को अंजाम देने वाले अन्य चार अभियुक्त अभी फरार हैं। जल्द ही उन्हें भी पकड़कर जेल भेजा जाएगा। गठित की गईं चार टीमें गिरफ्तारी का प्रयास कर रही हैं।
प्रदीप गुप्ता-एसपी
फोटो नं. 11