स्कूल बस से गिरा छात्र, मौत
गड्ढा आने पर ड्राइवर ने लगाया था ब्रेक, गेट पर खड़ा मलय सिर के बल गिरा
घर वालों ने फिलहाल नहीं दी तहरीर, पिता के आने का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
पश्चिम शरीरा (कौशाम्बी)। करारी के रिजवी स्प्रिंग फील्ड स्कूल में पढ़ने वाला कक्षा छह का छात्र मलय मंगलवार की दोपहर स्कूल बस से गिर गया। सिर में आई गंभीर चोट से उसकी मौत हो गई। छात्र को इलाहाबाद तक लाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। फिलहाल उसके घरवालों ने तहरीर नहीं दी है। उसके पिता के दिल्ली से आने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घरवाले तहरीर देंगे तो ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के कटरी गांव के रहने वाले डब्बू द्विवेदी दिल्ली में नौकरी करते हैं। उनका बेटा मलय द्विवेदी (14) रिजवी स्प्रिंग फील्ड करारी में कक्षा छह का छात्र था। वह स्कूल की बस से आता-जाता था। मंगलवार को स्कूल बंद होने के बाद बस चालक अन्य छात्रों को छोड़ते हुए कटरी गांव की ओर बढ़ रहा था। चांदेराई गांव के पास मलय बस के गेट पर खड़ा हो गया। हैरानी की बात यह थी कि न तो उसे कंडक्टर ने रोका न ही ड्राइवर ने। आगे एक गड्ढे में जैसे ही तेज रफ्तार बस डगमगाई तो ड्राइवर ने ब्रेक लगा दिया। गेट पर खड़ा मलय सिर के बल नीचे गिर गया। मलय के सिर में गंभीर चोटें आईं। ड्राइवर और कंडक्टर ने तुरंत स्कूल और घरवालों को सूचना दी। पुलिस को भी बुलाया गया। थोड़ी ही देर में सभी लोग मौके पर पहुंच गए। मलय को तुरंत मंझनपुर अस्पताल ले गए लेकिन डाक्टरों ने इलाहाबाद भेज दिया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव घर पहुंचने के बाद कालेज के लोग और पुलिस घर पहुंची।
शव से लिपटकर मां रोई, माहौल हुआ गमगीन
मलय का शव गांव पहुंचा तो वहां हाहाकार मच गया। उसकी मां की दिल दहला देने वाली चीखों से माहौल गमगीन हो गया था। वह बेटे के शव से लिपटकर रोने लगी। घर परिवार के लोग बच्चे का शव देखकर इतना व्यथित हो गए थे कि उन्हें सांत्वना देने की किसी की हिम्मत नहीं पड़ रही थी। पिता डब्बू सूचना मिलते ही कौशांबी के लिए चल दिए थे।
फिलहाल तहरीर नहीं, पिता का इंतजार
घटना के बाद पुलिस मलय के घर पर पहुंची। घर पर मलय के दादा नवल किशोर चाचा आदि मौजूद थे। उन लोगों ने फिलहाल किसी कार्रवाई से इनकार किया है लेकिन पिता का इंतजार किया जा रहा है। अंतिम निर्णय वही लेंगे।
--फिलहाल घर वालों ने तहरीर नहीं दी है। मलय के पिता का इंतजार किया जा रहा है। अगर तहरीर मिलती है तो ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राकेश सरोज, थानाध्यक्ष पश्चिम शरीरा
--घटना में ड्राइवर-कंडक्टर की कोई गलती नहीं है। घर नजदीक आने की वजह से मलय गेट पर खड़ा हो गया था। गड्ढा आने पर ड्राइवर ने ब्रेक लगाया, झटका लगने से वह नीचे गिर पड़ा। हादसा बेहद दुखद है। -राशिद रिजवी, प्रबंधक, रिजवी स्प्रिंग फील्ड कालेज