अप्पे की टक्कर से महिला की मौत, नाती घायल
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के मलाक भायल गांव के समीप मंगलवार दोपहर हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के मलाक भायल गांव के समीप मंगलवार दोपहर अप्पे की टक्कर से एक बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वहीं, उसका नाती घायल हो गया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
कोखराज के परसीपुर गांव की तेरसी देवी (52) मंगलवार दोपहर अपने नाती राधेश्याम के साथ बाइक से प्रयागराज जा रही थी। मलाक भायल गांव के समीप पीछे से आई अप्पे ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार महिला व उसका नाती गिरकर लहूलुहान हो गए। दुर्घटना देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आननफानन एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां तेरसी देवी की मौत हो गई। राधेश्याम की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। पुलिस ने जांच के बाद मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद अप्पे चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
म्योहर और जठिया में आग से फसल जली
सरायअकिल/म्योहर (ब्यूरो)। सरायअकिल क्षेत्र के जठिया निवासी देवशरन पुत्र रामसजीवन के खेत के ऊपर से विद्युत तार गुजरा हुआ है। मंगलवार सुबह अचानक तार टूटकर गिर गई। इसकी चिंगारी से खेत में आग लग गई। देखते ही देखते करीब 15 बिस्वा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इसी तरह म्योहर निवासी कमलेश तिवारी की भी लगभग डेढ़ बीघा गेहूं की फसल शार्ट-सर्किट से जलकर नष्ट हो गई। दोनों गांवों के लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बाद भी दमकल कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने भी मौका-मुआयना करना ठीक नहीं समझा।