मंझनपुर। पढ़ाई नहीं करने पर परिजनों की फटकार से क्षुब्ध मंझनपुर व सिराथू के दो किशोरों ने जहर खा लिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंझनपुर निवासी अमित आठवीं का छात्र है। परिजनों के मुताबिक पढ़ाई नहीं करने पर रविवार शाम मां ने उसे डांट दिया था। इसी से नाराज अमित ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। परिवार वालों ने अमित को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। इसी तरह सिराथू निवासी अनिरूद्ध नौवीं का छात्र है। कोचिंग नहीं जाने पर सोमवार सुबह पिता ने उसको डांट दिया। इससे नाराज होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसको भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत खतरे से बाहर है।