करारी। पुलिस मुठभेड़ के एक मामले में नौ महीने से फरार चल रहे 15 हजार के इनामी बदमाश को सोमवार सुबह करारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
करारी कोतवाली पुलिस की सात दिसम्बर 2017 को दरियापुर चौराहे के समीप बदमाशों से मुठभेंड़ हुई थी। इस दौरान गोली लगने से एक सिपाही घायल हो गया था। अंधेरे का फायदा उठाकर तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए थे। एक बदमाश को पुलिस पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। सोमवार सुबह एसएसआई (वरिष्ठ उप निरीक्षक) अशोक कुमार को सूचना मिली है कि घटना में फरार चल रहा 15 हजार का इनामी दीपू यादव उर्फ दीपेंद्र पुत्र भारतलाल निवासी तुर्तीपुर कस्बा स्थित रिजवी कॉलेज के समीप खड़ा है।
खबर मिलते ही एसएसआई ने हमराही सिपाही विष्णु पाल, विभूति शंकर त्यागी व सूरज सिंह के साथ घेराबंदी करके इनामी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल दिया गया है। इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह ने बताया कि फरार एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।