गैंगरेप पीड़िता को तमंचा दिखा सुलह की धमकी
-तीन नवंबर को चलती कार में किशोरी के साथ किया गया था सामूहिक दुराचार
-पिता की तहरीर पर घटना की छानबीन करने में जुटी अुजहा चौकी पुलिस
अटसराय (ब्यूरो)। अजुहा क्षेत्र में चलती सफारी में गैंगरेप की शिकार किशोरी से मुकदमे में सुलह का दबाव बनाया जा रहा है। मंगलवार रात आरोपी के पिता व भाई ने घर में घुसकर तमंचे के बल पर पीड़िता से सादे कागज पर अंगूठा लगवाने की कोशिश की। चीखपुकार सुन पड़ोसियों को आते देख दोनों धमकी देते हुए फरार हो गए।
सैनी कोतवाली के एक गांव की किशोरी को अगवा कर अजुहा कस्बे के युवकों ने चलती कार में रेप किया। चीखपुकार सुन जुटे ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को रंगे हाथ दबोच लिया था। सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कर फरार सरगना की तलाश शुरू कर दी गई। इसी बीच पीड़ित किशोरी पर आरोपी युवक मुकदमे में सुलह का दबाव बनाने लगा। पीड़िता ने बताया कि मंगलवार रात वह अपनी मां के साथ घर पर थी। इसी बीच आरोपी युवक के भाई और पिता आए। इल्जाम है कि दोनों ने एक सादे कागज पर अंगूठा लगाने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर बाल पकड़ कनपटी में तमंचा सटा दिया। चीखपुकार सुन पड़ोसी दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आते देख आरोपी पिता-पुत्र दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए। अगले दिन पीड़िता ने मां के साथ पुलिस चौकी अजुहा पहुंचकर घटना की तहरीर दी।
शराबियों के आतंक से परेशान महिलाओं ने की शिकायत
मंझनपुर (ब्यूरो)। चरवा के फरीदपुर सलेम गांव की सुखरानी, सुनीता देवी, सरिता, राजरानी, कम्मो, रामसखी और राजवंती आदि महिलाओं ने एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि गांव में खुलेआम कच्ची शराब शराब की भट्ठियां धधकती हैं। इसलिए बस्ती में शराबियों का जमावड़ा बना रहता है। नशे में धुत शराबी मोहल्ले में हुड़दंग करते हैं। रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं, लड़कियों पर फब्तियां कसते हैं। विरोध करने पर गाली गलौच व मारपीट करते हैं। आरोप यह भी लगाया कि शिकायत के बाद भी इलाकाई पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है। एसडीएम अश्वनी कुमार ने शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
स्टाफ नर्स पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप
मंझनपुर (ब्यूरो)। सैनी की शमीमा बानो पत्नी मोहम्मद हसन को प्रसव पीड़ा के बाद बृहस्पतिवार सुबह परिवार के लोग इस्माइलपुर सीएचसी ले गए। जहां प्रसूता ने बच्चे को जन्म दिया। आरोप है कि शाम डिस्चार्ज करने के नाम पर स्टाफ नर्स ने उससे 350 रुपए ले लिए। इसकी जानकारी प्रसूता की मां ने पति इसरार को दी। पीड़ित पिता ने स्टाफ नर्स के लापरवाही की शिकायत सीएचसी अधीक्षक से की है। चिकित्साधीक्षक ने पीड़ित को जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।