मंझनपुर। पिटाई से लहूलुहान विनोद पुलिस ऑफिस की बेंच पर करीब तीन घंटे तक कराहता रहा। विनोद की न तो थाने में सुनवाई हुई और न ही पुलिस के बड़े अफसरों से मुलाकात हुई । मीडियाकर्मियों के पहुंचने पर एसपी के पीआरओ ने सरायअकिल पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सरायअकिल कस्बे के वार्ड नं-8 पतेरिया निवासी विनोद कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह लखन पाल के लड़कों ने रंजिश को लेकर घर में घुसकर पीट दिया। सरिया से हुए हमले में विनोद का सिर फट गया। शोर पर पहु्ंचे परिजनों को देख हमलावर भाग निकले। खून से लथपथ विनोद को सरायअकिल थाने ले जाया गया। आरोप है कि पुलिस ने उपचार कराने की सलाह दी। अस्पताल में डॉक्टर ने चिट्ठी के अभाव में मेडिकल नहीं किया। परिवार के लोग विनोद को लेकर एसपी प्रदीप गुप्ता से मिलने पहुंचे। दफ्तर में रंगाई-पोताई का काम शुरू होने के चलते कोई अफसर नहीं मिला।
तीन घंटे तक विनोद दर्द से कराहता रहा, लेकिन किसी पुलिस कर्मी ने उसकी फरियाद नहीं सुनीं। मीडिया के लोग पहुंचे तो एसपी के पीआरओ ने सरायअकिल पुलिस को विनोद की रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल कराने को कहा। विनोद के घरवालों का कहना है कि चार जून को भी लखनपाल ने अपने परिवार साथ उन्हें पीटा था। इस मामले में सरायअकिल पुलिस ने विपक्षी के खिलाफ एनसीआर (प्रथम सूचना रिपोर्ट) दर्ज कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। थानाध्यक्ष हेमंत मिश्र का कहना है कि शिकायत मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर उसे मेडिकल के लिए भेजा जाएगा।