ब्लाक परिसर में अराजकतत्वों ने किया तांडव
आम तोड़ने का विरोध करने पर सचिव को दी धमकी, एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। नेवादा ब्लाक परिसर में बुधवार को अराजकतत्वों ने जमकर तांडव किया। आम तोड़ने का विरोध करने पर ग्राम विकास अधिकारी के साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। ब्लाक कर्मियों को इकट्ठा होते देख आरोपी साथियों के साथ भाग निकला। सचिव की तहरीर पर सरायअकिल पुलिस ने आरोपी समेत उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खंड विकास अधिकारी कार्यालय में बुधवार को उपद्रवियों ने जमकर तांडव किया। परिसर में लगे आम के पेड़ पर चढ़ फल के साथ पेड़ को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। युवकों का तांडव देख ग्राम विकास अधिकारी अजय सिंह ने विरोध किया तो आरोपी युवक मारपीट पर आमादा हो गए और सचिव को दौड़ा लिया। जान बचाते हुए सचिव दफ्तर में घुस गया। ब्लाक परिसर में हंगामा देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों को एकत्रित होते देख आरोपी युवक साथियों के साथ भाग निकला। देर शाम सचिव अजय सिंह ने आरोपी हेमू सिंह और उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जबरन पेड़ से फल तोड़ने और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर लिया है।