महेवाघाट के यमुना पुल पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौत हो गई। वहीं साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। रात बाइक सवार युवक राजापुर से गेहूं बेंचकर घर लौट रहे थे। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
महेवाघाट थाने के मुबारकपुर निवासी प्रधान (21) पुत्र नत्थू लाल के बहन की शनिवार को सगाई थी। युवक बहन की सगाई की तैयारी में जुटा था। शुक्रवार शाम साथी लालचंद्र (20) पुत्र दुर्गा प्रसाद के साथ बाइक से राजापुर गेहूं बेचने के लिए गया था।
रात करीब 10 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। महेवा यमुना पुल पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में टक्कर मारने के बाद प्रधान को कुचल दिया। हादसे में प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथी लालचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला।
हादसा देख राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल करते हुए हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते घर वाले घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सड़क हादसे में युवक की मौत, साथी गंभीर
-महेवा यमुना पुल पर शुक्रवार रात ट्रैक्टर-ट्राली से हुआ हादसा