ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, पति गंभीर
बृहस्पतिवार रात गुलामीपुर गांव के समीप हाईवे पर हुई घटना
सत्संग में शामिल होने गए थे दंपति, परिवार में कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
चायल (कौशाम्बी)। हाईवे पर सैनी के गुलामीपुर बाजार में बृहस्पतिवार शाम बेकाबू ट्रक ने महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई जब कि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों को घटना की जानकारी देने के साथ ही पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
पिपरी थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव की फूलकली (45) पत्नी बुद्दन बृहस्पतिवार को पति के साथ सैनी के गुलामीपुर में आयोजित सत्संग में शामिल होने के लिए गई थी। बताया जा रहा है कि सत्संग खत्म होने के बाद दोनों सड़क किनारे वाहन के इंतजार में खड़े थे। इसी दौरान कानपुर की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने दंपति को टक्कर मारते हुए रौंद दिया। हादसे में फूलकली की मौके पर ही मौत हो गई। पति बुद्दन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। महिला के मौत की खबर परिजनों को हुई तो वे रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।