पुलिस के हत्थे चढ़ा 15 हजार का इनामिया गोतस्तकर
वर्ष 2016 में गिरफ्तारी के लिए गए दरोगा पर किया था कातिलाना हमला
घटना में शामिल सात लोग भेजे जा चुके हैं जेल
फोटो नं-6
अमर उजाला ब्यूरो
कोखराज। चर्चित सिहोरी कांड में वांछित चल रहे 15 हजार के इनामियां गोतस्कर मोहम्मद अरसद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा व दो कारतूस भी बरामद करने का दावा किया है। मामले में अब तक सात लोग जेल भेजे जा चुके हैं।
सिहोरी गांव में वर्ष 2016 में गोवंश की हत्या किए जाने की खबर पर कोखराज कोतवाली के तत्कालीन दरोगा राजाराम यादव हमराही सिपाहियों के साथ पहुंचे थे। सिहोरी के जंगल में तस्कर तीन गोवंश की हत्या कर चुके थे। मनबढ़ तस्करों ने देखते ही पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया था। दरोगा के सिर पर चापड़ से हमला किया गया। घटना से डरे-सहमे सिपाही रायफल छोड़कर भाग निकले। सूचना पर तत्कालनी एसपी वीके मिश्र ने पुलिस व पीएसी के साथ छापेमारी कर दरोगा की जान बचाई। उसका इलाज प्रयागराज के अस्पताल में कराया गया। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच को दी गई थी। घटना में जितने भी नाम प्रकाश में आ रहे थे वह फरार हो जाते थे। इसी में सिहोरी गांव का मोहम्मद अरसद भी शामिल था। सीओ सिराथू रामवीर ने पकड़े गए आरोपी को मीडिया के सामने पेश किया। सीओ ने बताया कि मामले में अब तक सात लोग जेल भेजे जा चुके हैं। विवेचना में जिनका भी नाम सामने आ रहा है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
वाहन चेकिंग के दौरान तमंचा संग युवक गिरफ्तार
महेवाघाट (ब्यूरो)। महेवाघाट कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की रात अजरौली पेट्रोल पंप के पास से एक युवक को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर अजीत पांडेय ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान अवधेश निवासी सुल्तानपुर घोष जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है।