कबूतरबाजों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, एफआईआर
- युवकों को विदेश भेजने के लिए ठगा था ढाई लाख रुपया, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। युवकों से मोटी रकम लेकर वीजा और पासपोर्ट देने वाले कबूतरबाजों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार को सैनी पुलिस ने दो कबूतरबाजों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के अफजलपुर सातो गांव निवासी रामकरन पुत्र फूलचंद्र बेरोजगार युवक है। साल भर पहले पड़ोसी मोहम्मद जमाल ने उसे विदेश भेजने का सपना दिखाया। कबूतरबाज के झांसे में आने के बाद उसने दो किश्तों में सवा लाख रुपया दे दिया। छह माह से अधिक का समय बीतने के बाद जब उसने रकम वापस मांगी तो जान से मारने की धमकी दी गई। इसी तरह अलीपुर जीता गांव का गुलजार अहमद भी कबूतरबाजी का शिकार हो गया। उसे भी गांव के गुलाम गौस और तौकीर ने सवा लाख का चूना लगा दिया। भुक्तभोगियों ने बताया कि रकम मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। बुधवार को पीड़ित युवकों की तहरीर पर सैनी कोतवाली पुलिस ने आरोपी मोहम्मद जमाल, गुलाम गौस और तौकीर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल तेज कर दी है। एसओ योेगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहकीकात और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
000000000
पड़ोसी के घर बरपा दबंगों का कहर
- जमीनी विवाद की रंजिश में घर पर बोला धावा, तोड़फोड़ करते हुए गृहस्वामी को पीटा, केस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। महेवाघाट गांव में बुधवार की शाम दबंगों ने पड़ोसी के घर जमकर तांडव किया। विरोध करने पर हमलावरों ने गृहस्वामी को बेरहमी से पीटते हुए अधमरा कर दिया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर तीन हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महेवाघाट के हरिजन का पुरवा निवासी सुरेश कुमार पुत्र हुबलाल का पड़ोसी से जमीनी विवाद चल रहा है। बताया कि बुधवार की शाम वह घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान पड़ोसी घर में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। सुरेश ने विरोध किया तो हमलावरों ने उसे बेरहमी से पीटते हुए अधमरा कर दिया। युवक की चीख पुकार सुन परिवार के साथ गांव के अन्य लोग घटना स्थल की ओर दौड़े । ग्रामीणों को देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए तीन हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना से पीड़ित परिवार डरा-सहमा हुआ है।