हादसे में महिला की मौत, चक्काजाम
-सोमवार सुबह गरौली गांव के समीप अप्पे से भिड़ा था बाइक सवार
-सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग पर अड़े रहे ग्रामीण, एसपी ने कराया शांत
अमर उजाला ब्यूरो
पश्चिमशरीरा (कौशाम्बी)। मूरतगंज-महेवाघाट मार्ग पर गरौली गांव के समीप सोमवार सुबह बाइक-अप्पे की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार के साथ एक अप्पे सवार युवक घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए गांव के लोग सड़क पर चक्काजाम कर दिया। स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग पर अडे़ ग्रामीणों का गुस्सा देख एसओ सहमे रहे। एसपी ने उग्र लोगों को समझाते हुए शांत कराया। अफसरों के निर्देश पर पुलिस ने शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के रक्सौली गांव निवासी अजय कुमार उर्फ आशीष (22) पुत्र रमेश कुमार सोमवार सुबह मां मीनाक्षी देवी (48) को बाइक से लेकर मंझनपुर जा रहा था। गरौली गांव के समीप सामने से आ रहे अप्पे ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मीनाक्षी देवी की मौके पर ही मौत हो गई जब कि अजय के साथ अप्पे सवार अनिल निवासी गौसपुर टिकरी घायल हो गया। हादसा देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क पर शव रख जाम लगा दिया। हादसे के साथ हंगामे की खबर सुनते ही पश्चिमशरीरा के साथ महेवाघाट पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग को लेकर जिद पर अड़े ग्रामीणों का गुस्सा देख पुलिस वालों का पसीना छूट पड़ा। उधर, चक्काजाम और हंगामे की खबर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार पांडेय को हुई तो वह मौके पर पहुंचे। उग्र ग्रीमीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मामला शांत कराया। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
---------------------------
दुर्घटना में डीसीएम खलासी की मौत
सिराथू(ब्यूरो)। मेरठ जिले के पुथई गांव निवासी आसू (30) डीसीएम में खलासी था। दो दिन पहले वह मेरठ से इलाहाबाद के लिए चालक के साथ निकला था। बताया जा रहा है कि गुलामीपुर गांव के समीप टायर पंचर होने के बाद आसू डीसीएम का टायर बदल रहा था। इसी दौरान कानपुर की ओर से आई तेज रफ्तार ट्रक ने खलासी को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद घटना की जानकारी परिजनों को देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
----------------------