बिजली चोरी से जगमग हो रहा था मोबाइलशॉप
-प्रवर्तन दल ने छापामारी करते हुए दो लोगों को बिजली चोरी करते दबोचा, मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। बिजली विभाग के प्रवर्तन दल ने बुधवार को शमसाबाद चौराहे पर सघन अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने मोबाइल शॉप और मेडिकल स्टोर संचालक को बिजली चेारी करते हुए धर दबोचा। जांच-पड़ताल के बाद टीम के अवर अभियंता ने दो लोगों के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करा दिया है।
प्रवर्तन दल के प्रभारी अवर अभियंता अभय कुमार यादव ने बुधवार को टीम के साथ शमसाबाद बाजार में छापेमारी की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने बिजली चोरी से जगमग मोबाइल शॉप और मेडिकल स्टोर संचालक से पूछताछ की तो वह संतेषजनक उत्तर नहीं दे सका। जांच पड़ताल करते हुए टीम ने बिजली की चोरी पकड़ी। घर के पीछे से कटिया लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। यहां के बाद टीम ने रघवापुर गांव के समीप निर्माणाधीन मकान पर पहुुंचे। जांच पड़ताल में पता चला है यहां भी बिजली चोरी की जा रही है। तहकीकात करते हुए अवर अभियंता ने शशांक सिंह और राजकुमारी के खिलाफ घटना की तहरीर पुलिस को दी। देर शाम मंझनपुर पुलिस ने दोनों लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।