मेडिकल छात्रा से चलती कार में छेड़खानी, बनाया वीडियो
नगर कोतवाली इलाके में मंगलवार शाम हुई घटना
पीड़िता ने एडीजी से शिकायत कर की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। नगर कोतवाली इलाके की एक मेडिकल छात्रा से मंगलवार शाम चलती कार में छेड़खानी की गई। इस दौरान शोहदों ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत एडीजी से की है। स्थानीय पुलिस ऐसी किसी जानकारी से ही इनकार कर रही है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती मेडिकल छात्रा है। छात्रा में मानें तो होली के त्योहार पर वह घर आई थी। इसके बाद मंगलवार शाम कॉलेज जाने के लिए निकली। भरवारी में प्रयागराज जाने के लिए साधन का इंतजार कर रही थी। तभी एक कार सवार ने लिफ्ट दे दी। बताया कि कार में चार युवक पहले से बैठे थे। कुछ दूर आगे बढ़ते ही इन युवकों ने छेड़खानी शुरू कर दी। कपड़े फाड़ने के साथ अश्लील वीडियो भी बनाया। इसके बाद धूमनगंज इलाके में छात्रा को छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित छात्रा ने फोन करके आपबीती परिजनों को बताई तो उनके होश उड़ गए। प्रयागराज में रहने वाला मामा छात्रा को घर ले गए। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार व कोखराज इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिली तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।