घर के भीतर धू-धूकर जल मरी किशोरी
-बृहस्पतिवार दोपहर पिंडरा सहावनपुर गांव में हुई घटना
-संदिग्ध दशा में आग लगने की चर्चा, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
अमर उजाला ब्यूरो
करारी (कौशाम्बी)। पिंडरा सहावनपुर गांव में बृहस्पतिवार की शाम एक किशोरी घर के भीतर धूं-धूंकर जल मरी। आग बुझाते हुए ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घर में आग कैसे लगी और किशोरी इसकी जद में कैसे आई? फिलहाल इसे लेकर संशय बरकरार है। किशोरी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
करारी थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी इकबाल कपड़े की फेरी लगाने का काम करता है। रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को भी वह फेरी लगाने गया था। पत्नी आसिया बकरी चराने गई थी। घर में बेटी तहरीन (16) अकेली थी। शाम अचानक घर से धुंए का गुबार और लपटेें देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। जब तक गांव के लोग आग बुझाने का प्रयास करते लपटों के बीच फंसी तहरीन घर के भीतर धूं-धूंकर जल मरी। वहीं, गृहस्थी भी जलकर स्वाहा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। किशोरी की मौत को लेकर गांव में तमाम तरह की चर्चाएं हैं। एसओ राकेश तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। तहकीकात के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रहस्य में उलझा किशोरी की मौत का राज
-परिजनों की चुप्पी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट उठाएगा रहस्य से पर्दा, तहकीकात में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
करारी (कौशाम्बी)। पिंडरा सहाबनपुर गांव में हुई किशोरी की मौत का रहस्य उलझ गया है। घर में आग कैसे लगी? आग की जद में आने के बाद किशोरी जान बचाने के लिए बाहर क्यों नहीं भागी? ऐसे तमाम रहस्यों में पुलिस गोता लगा रही है। परिजनों की चुप्पी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ पुलिस की विवेचना ही राज खोलेगी।
करारी थाना क्षेत्र के पिंडरा सहाबनपुर गांव की तहरीन (16) की बृहस्पतिवार शाम संदिग्ध दशा में घर के भीतर जलने मौत हो गई है। किशोरी की मौत को लेकर संशय बरकरार है। घर में आग लगना, फिर किशोरी का जिंदा जल मरना ग्रामीणों के गले की फांस बन गया है। रहस्यमय मौत को लेकर गांव में तमाम तरह की चर्चाएं हैं। इन्हीं रहस्यों में पुलिस भी उलझ गई है। तहरीन की मौत कैसे हुई, आग लगी तो उसने खुद को बचाने का प्रयास क्यों नहीं किया। घटनास्थल पर पड़े शव को देख जहां लोगों की रूह कांप उठी वहीं, ग्रामीणों के जेहन में कई सवाल भी कौंध उठे। पुलिस भी घटना को संदिग्ध मान रही है। परिजनों की खामोशी में ही किशोरी के मौत का राज छिपा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की चुप्पी टूटने के बाद ही रहस्य से पर्दा उठेगा।