बदमाशों ने किसान को पीटकर पिलाया जहरीला पदार्थ
-बक्सी का पुरवा गांव के समीप बृहस्पतिवार की रात हुई घटना, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। देवीगंज से दावत खाकर लौट रहे किसान को रास्ते में रोक बदमाशों ने पिटाई करने के बाद जहरीला पदार्थ पिलाकर तालाब किनारे फेंक दिया। ग्रामीणों की सूचना पर परिजनों ने किसान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामला दर्ज कर पुलिस ने घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।
सैनी कोतवाली के साैंरई बुजुर्ग निवासी जुगराज सिंह (40) पुत्र राम स्वरूप बृहस्पतिवार की शाम देवीगंज एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया था। रात करीब दस बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। बक्सी का पुरवा गांव के समीप पहले से घात लगाकर बैठे आधा दर्जन बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद बेरहमी से पीटते हुए कीटनाशक दवा जबरन पिला दी। इसके बाद किसान को तालाब किनारे फेंक कर भाग निकले। गांव के ही ट्यूबवेल चालक ने इसकी जानकारी परिजनों को दी तो वह बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। किसान को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जुगराज सिंह को किस रंजिश में किसने जहरीला पदार्थ पिलाया इस बाबत परिजन अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं बता रहे हैं। सैनी कोतवाली पुलिस ने बेटे रवीन्द्र पटेल की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
सीओ ने लिया बयान, संदिग्धों की तलाश शुरू
जुगराज सिंह पर कातिलाना हमला करने वाले अज्ञात लोग कौन थे? इसकी जांच की जा रही है। मामला गंभीर होने के कारण सीओ अंशुमान मिश्र व एसओ योगेंद्र प्रताप सिंह ने जिला अस्पताल में किसान का बयान लिया। साथ ही उसका वीडियो बनाया। बयान में भी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी कौन थे। अब पुलिस संदिग्धों की खोजबीन कर मामले का खुलासा करने में जुटी है।
गांजे के शौकीन बन रहे छात्र
सरायअकिल (ब्यूरो)। कस्बे के फकीराबाद चौराहे की समीप स्थित भांग की दुकान से दिन रात गांजे की बिक्री की जा रही है। आस-पास के स्कूल में पढ़ने वाले छात्र दुकान से गांजा लेकर सेवन कर रहे है। बताया जा रहा है कि छात्रों को कम दाम में मादक पदार्थ दिया जाता है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। उधर सरायअकिल पुलिस की भी भूमिका संदिग्ध दिखाई पड़ रही है। लोगों का कहना है मोटी रकम बंधी होने के कारण पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इसे लेकर कस्बाइयों में जबरदस्त गुस्सा है।
दरोगा पर मारपीट करने का आरोप
मंझनपुर (ब्यूरो)। कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर काजी निवासी प्रेमचंद्र पुत्र बुदुन का आरोप है कि उसे शौचालय मिला है। जिसका निर्माण वह अपनी भूमिधरी पर करा रहा है। इसी दौरान भरवारी का एक व्यक्ति पहुंचा और हलका दरोगा फोन को लगाकर उससे बातचीत कराई। आरोप है कि दरोगा ने अभद्रता करते हुए उसे थाने बुलाया। वह थाने जाने की तैयारी कर ही रहा था कि दरोगा घर आ गए। घर में उसके साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी कि वह उसको फर्जी मामले में फंसा देगा। दरोगा की धमकी से आहत प्रेमचंद्र शुक्रवार को मंझनपुर पहुंचा और मामले की शिकायत एएसपी से की। अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने कोखराज एसओ से जांच रिपोर्ट मांगी है।