मंझनपुर। ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को उप संभागीय परिवहन अधिकारी ने अभियान चलाकर गिट्टी-बालू लदे वाहनों की धरपकड़ की। इस दौरान 11 वाहन पकड़े गए। सभी को सीज कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर एआरटीओ शंकरजी सिंह ने अपनी टीम के साथ सोमवार की शाम नगर कोतवाली के ओसा चौराहे पर चेकिंग लगाई। इस दौरान एक-एक कर 11 ओवरलोड वाहनों को पकड़ा। इनमें तीन ट्रैक्टर व आठ ट्रक शामिल रहे। सभी पर गिट्टी-बालू लदे हुए थे। एआरटीओ ने बताया कि पकड़े गए वाहनों में से अधितकर यमुनापार चित्रकूट जिले से गिट्टी लादकर आ रहे थे। सभी को सीज कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। एआरटीओ की कार्रवाई से ओवरलोडिंग करने वालों में खलबली है।