पीएम आवास योजना के नाम पर वसूली, तीन को दबोचा
पिपरी के कादिलपुर गांव में अवैध वसूली कर रहे थे तीन युवक
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पिपरी के कादिलपुर गांव में गुरुवार की दोपहर प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभ दिलाने के नाम पर इलाके के युवकों ने अवैध वसूली की है। शिकायत पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
इलाहाबाद सदर तहसील के कादिलपुर गांव में गुरुवार की दोपहर एक बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और प्रधानमंत्री आवास योजना का सर्वे करने लगे। युवक आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए गांव की सीमा देवी पत्नी चंद्रभान, गीता देवी पत्नी अजीत कुमार, सोनी देवी पत्नी सुरेंद्र कुमार, किरन पत्नी राजेश कुमार, सुनीता पत्नी राम सूरत, सुमित्रा पत्नी अनिल कुमार, सुनीता पत्नी वीरेंद्र, ऊषा देवी पत्नी दयाराम आदि से अवैध वसूली कर रहे थे। इसकी जानकारी जब ग्राम प्रधान शिव बाबू को हुई तो वह भी मौके पर पहुंच गए। उन्हाेंने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दिया। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज रहीमाबाद ओम नारायण गौतम ने तीनों युवकों को हिरासत में लिया। उधर, दूसरी तरफ चर्चा रही कि आरोपी युवक एक लोकसभा प्रत्याशी के समर्थक हैं। पक्ष में मतदान करने पर महिलाओं को आवास योजना से लाभान्वित कराने का लालच दे रहे थे। इंस्पेक्टर पिपरी का कहना है कि शिकायत पर पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।