चायल/चरवा। चरवा कोतवाली क्षेत्र के पन्नोई गांव में गुरुवार रात सेंध काटकर एक एयरफोर्स कर्मचारी के घर से चोरों ने नकदी सहित करीब चार लाख का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी गृहस्वामी को सुबह हुई। उसने अज्ञात के खिलाफ चोरी की तहरीर पुलिस को दे दी है।
पन्नोई निवासी दिनेश चंद्र पुत्र सुरेश चंद्र एयरफोर्स बम्हरौली में मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्किल में कार्यरत है।
गुरुवार रात खाने के बाद वह और उनके परिवार के सदस्य घर के अगले कमरे में सो गए। इस दौरान पीछे की दीवार से सेंध काटकर भीतर घुसे चोर आलमारी व बक्सों का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये नकद और करीब तीन लाख रुपये कीमत के गहने उठा ले गए। सुबह सोकर उठने के बाद परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। चोरी की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। मामले में चरवा इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि चोरों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।