चायल। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के कादिलपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि उसका दस वर्षीय बेटा निखिल सोमवार दोपहर गांव के पास स्थित तालाब में स्नान कर रहा था। तभी पड़ोसी युवक भी नहाने के लिए वहां पहुंच गया। निखिल से किसी बात को लेकर उसका झगड़ा हो गया। पीड़ित के मुताबिक इतनी सी बात पर पड़ोसी ने निखिल को पीटना शुरू कर दिया। उसे तालाब में डुबोकर मारने की कोशिश की। चीखें सुन मौके पर पहुंचे चरवाहों ने दखल देकर किसी तरह बच्चे की जान बचाई। आरोप है कि उलाहना देने जाने पर आरोपी ने किशोर के पिता को भी पीटा। इसके बाद पीड़ित पिता ने पुलिस को तहरीर दिया। मामले में पिपरी इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज का कहना है कि आरोपों की जांच कराई जा रही है। इसके बाद दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।