सरायअकिल के अकबराबाद गुहौली गांव में टिप्पणी से उपजे विवाद में बृहस्पतिवार सुबह दो सगे भाइयों के परिवार आपस में भिड़ गए। लोहे की पाइप से प्रहार कर एक किशोर ने अपने चचेरे भाई की हत्या कर दी। मारपीट में मृतक की मां और बड़ा भाई जख्मी हो गए। मामले में दंपती समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
अकबराबाद गुहौली निवासी कुलदीप यादव व महाराजदीन यादव सगे भाई हैं। सालों पहले दोनों के बीच संपत्ति का बंटवारा हो चुका है। लेकिन दोनों के बीच संपत्ति विवाद भी चल रहा है। दोनों अपने-अपने परिवार के साथ अगल-बगल ही रहते हैं।
कुलदीप ने बताया कि बुधवार शाम वह मटर बोने के लिए खेत की जोताई करा रहा था। इसी दौरान महाराजदीन अपने किशोर उम्र बेटे के साथ आया और कहने लगा कि पहले से बोआई करने से अच्छी पैदावार होगी। यह टिप्पणी कुलदीप को नागवार लगी। शाम को घर पहुंचने पर इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद होने लगा लेकिन पड़ोसियों ने शांत करा दिया था।
बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे महाराजदीन की पत्नी बबली गोबर फेंकने पशुबाड़ा की तरफ गई थीं। वहां पर बुधवार की बात को लेकर कुलदीप की पत्नी अतर देवी से बबली की कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों आपस में मारपीट करने लगीं। झगड़ा देख बबली का बेटा, पति महाराजदीन और पड़ोसी आकाश यादव भी आकर मारपीट करने लगे।
चीख-पुकार सुन कुलदीप का बड़ा बेटा राहुल और छोटा संदीप पहुंचकर मां अतर देवी को बचाने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि बोरिंग के पाइप से महराजदीन के बेटे ने संदीप के सिर पर वार कर दिया। अन्य लोग राहुल पर टूट पड़े। पिटाई से जख्मी मां-बेटों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर एक किशोर, उसके पिता महाराजदीन, मां बबली देवी व पड़ोसी आकाश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बाल अपचारी और आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश है।
सरायअकिल के अकबराबाद गुहौली गांव में संदीप यादव की मौत के बाद घटना की जांच करती पुलिस। संव
सरायअकिल के अकबराबाद गुहौली गांव में संदीप यादव की मौत के बाद घटना की जांच करती पुलिस। संव