पिपरी कोतवाली के मखऊपुर तिराहे के समीप दो सप्ताह पहले अनियंत्रित बाइक की टक्कर से घायल भुट्टा विक्रेता की शुक्रवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मखऊपुर गांव के मजरा पिपरी निवासी मुन्नीलाल (48) पुत्र अमृतलाल ठेले पर भुट्टा बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। 9 सितंबर को वह तिल्हापुर मोड़ बाजार में आयोजित दधिकांदो मेले में भुट्टा बेचने गए थे। देर रात ठेला लेकर घर लौटते समय मखऊपुर गांव के तिराहे के पास चायल की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मुन्नीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शुक्रवार शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।