क्षेत्र के बरई बंधवा गांव के एक युवक से सऊदी अरब भेजने के नाम पर शातिर ने पौने दो लाख रुपये ठग लिए। पांच साल से उसे झांसा दिया जा रहा है। अब रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज लिया है।
बरई बंधवा गांव के गुलफाम का भांजा इस्तेखार सऊदी अरब में रहता है। गुलफाम ने छोटे बहनोई लियाकत अली को भी सऊदी भेजने के लिए इस्तेखार से बात की। इसपर इस्तेखार ने अपने मित्र हैदर निवासी टिकरी से बात कराई। हैदर ने लियाकत अली से आठ सितंबर 2019 को एक लाख 75 हजार लेकर शीघ्र ही सऊदी भेजने की बात कही। पांच साल से हैदर अली लियाकत को सऊदी नहीं भेज पा रहा है। आरोप है कि हैदर पैसा वापस मांगने गया तो उल्टा उसे गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।