मुठभेड़ में मवेशी तस्कर गिरफ्तार, पुलिस पर वाहन चढ़ाने की कोशिश
मंझनपुर। महेवाघाट कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के बाद एक मवेशी तस्कर को पकड़ लिया। पांच भागने में सफल रहे। पुलिस ने एक पिकअप पर लदे दो मवेशी भी बरामद किए। इससे पहले तस्करों ने पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। लिखापढ़ी के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
महेवाघाट कोतवाली के हिनौता चौकी प्रभारी बलराम सिंह हमराही के साथ मंगलवार की भोर गश्त से लौट रहे थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि चार-पांच लोग चोरी की भैंस पिकअप से लेकर करारी से धाता की ओर जा रहे हैं। चौकी प्रभारी ने हिनौता गांव के समीप धाता मोड़ पर बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
चौकी प्रभारी का कहना है कि करीब चार बजे संदिग्ध पिकअप रोकने का प्रयास किया तो तस्करों ने पुलिस कर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। किसी तरह बचते हुए पुलिस कर्मियों ने गाड़ी का पीछा किया तो कुछ दूरी पर उन्होंने पिकअप खड़ी कर दी और पैदल भागने लगे। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग करते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया। जबकि, पांच अन्य भागने में सफल रहे।
पकड़े गए मवेशी तस्कर ने अपना नाम इरशाद निवासी गुवारा तैयबपुर, करारी बताया। आरोपी के मुताबिक उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भैंस व पड़िया को करारी कोतवाली के दुर्गापुर गांव से 29 सितंबर की रात चोरी की थी। फरार आरोपियों के बारे में इरशाद ने बताया कि करारी के सालेपुर निवासी साहिल, पारा हसनपुर निवासी शोएब व अरबाज के अलावा दो अज्ञात युवक हैं। पुलिस ने मवेशियों व पिकअप के अलावा तमंचा और कारतूस भी बरामद किया।