सरायअकिल के तिल्हापुर मोड़ पर सोमवार रात व्यापारी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पुरानी दुश्मनी समेत एजेंट के रूप में पल्स कंपनी में लोगों से जमा कराए गए रुपयों को लेकर घटना की छानबीन कर रही है। उधर अस्पताल में भर्ती व्यापारी की हालत खतरे से बताई जा रही है।
जवई गांव निवासी देशराज साहू ने तिल्हापुरमोड़ बाजार में सीमेंट सरिया की दुकान खोल रखी है। वह दुकान के पिछले हिस्से में ही परिवार समेत रहते भी हैं। रोज की तरह सोमवार रात भी वह खाना खाकर कोटिया उपकेंद्र की तरफ टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश आए और चलती बाइक में ही पीछे बैठे युवक ने तमंचा से देशराज के पेट में गोली मार दी थी।
जख्मी देशराज को रात में ही इलाज के लिए प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के मुताबिक देशराज की हालत खतरे से बाहर है। रविवार सुबह पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
दो दशक पहले दंपती की हत्या के आरोप में भाई जा चुका है जेल
30 नवंबर 2004 को जवई गांव में बुजुर्ग दंपती की हत्या हुई थी। घटना में जख्मी देशराज का बड़ा भाई राम नरेश गांव के ही श्याम सुंदर व उसकी पत्नी रामकली की हत्या के आरोप में जेल गया था। जेल से छूटने के बाद राम नरेश भाई देशराज व परिवार समेत तिल्हापुर मोड़ बाजार में आकर बस गए। गांव में बुजुर्ग माता-पिता के साथ एक विधवा बहन रहती है। पुलिस पुरानी रंजिश को भी खंगाल रही है।
एजेंट के रूप में पल्स कंपनी में था एजेंट
-बदमाशों की गोली से जख्मी देशराज 15 वर्ष पहले पल्स कंपनी में एजेंट था। लोगों के मुताबिक उसने अपनी जिम्मेदारी पर बहुत बीमा धारको का पल्स कंपनी में लाखों रुपये जमा कराए हैं। आरोप यह भी है कि कई लोगों से किस्त की रकम लेकर उसने कंपनी में जमा ही नहीं की है। इस बिंदु पर भी पुलिस छानबीन कर रही है। कई खातेदारों को पूछताछ के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
घायल की तहरीर पर दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। भाई राम नरेश दंपती की हत्या में जेल जा चुका है। फिलहाल दुश्मनी और कारोबार के एंगल पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
विनीत सिंह, इंस्पेक्टर- सरायअकिल