विहिप नेताओं से बदसलूकी में प्रधान सहित दो के खिलाफ मुकदमा
- सरसवां विकास खंड की अढ़ौली गोशाला में अव्वस्था पर धरना देने गए थे कार्यकर्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
पश्चिमशरीरा। सरसवां विकास खंड के अढ़ौली स्थित गोशाला में अव्यवस्था व मवेशियों के बीमार होने की जानकारी लेने पहुंचे विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ प्रधान व उसके भाई को बदसलूकी करना महंगा पड़ा। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बृहस्पतिवार सुबह गोशाला में अव्यवस्था को विहिप नेता रुपेंद्र विश्वकर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ता गोशाला पहुंचे थे। इस पर प्रधान व उसके भाई ने बदसलूकी की। इससे नाराज कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। करीब सात घंटे तक चले धरने के बाद मौके पर पहुंचे सदर तहसीलदार भूपाल सिंह ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया। विहिप नेता रुपेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को बीडीओ राकेश सिंह व पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजीत सिंह गोशाला पहुंचे व बीमार मवेशियों का इलाज किया।