चरवा एसओ के खिलाफ साजिश रचने के आरोप में दो पर मुकदमा
-दो माह पहले पुलिस ने एक आरोपी को पास्को एक्ट के तहत भेजा था जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। चरवा थानाध्यक्ष के खिलाफ साजिश रचने के आरोप में दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। इनमें से एक युवक को पुलिस ने दो माह पहले पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
चरवा एसओ बलराम सिंह ने बताया कि दो माह पहले संदीपन घाट कोतवाली के मूरतगंज निवासी अमरीश दिवाकर को पॉस्को एक्ट के तहत चालान कर जेल भेजा गया था। जमानत पर जेल से रिहा होकर आने के बाद अमरीश ने अपने दोस्त नंद किशोर के साथ मिल उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने के लिए साजिश रचनी शुरू कर दी। एक-दूसरे से फोन पर वार्ता करते हुए उन पर अभद्र टिप्पणी की। इसका ऑडियो पुलिस तक पहुंचा। जांच करते हुए शनिवार को एसआई श्रवण सिंह की तहरीर पर आरोपी अमरीश व नंद किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।