दहेज प्रताड़ना में पति समेत सात ससुरालियों पर केस
- कोखराज कोतवाली के असदउल्लापुर रोही गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कोखराज कोतवाली के असदउल्लापुर रोही गांव की विवाहिता को दहेज के लिए ससुरालियों ने मारपीट कर भगा दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
मोहम्मदपुर असवां गांव की हीरामनी ने बताया के दो साल पहले उसकी शादी असदउल्लापुर रोही गांव में राहुल कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी में मिले दहेज से ससुराली संतुष्ट नहीं थे। मायके से दो लाख रुपये नकदी के साथ कार लाने की जिद कर यातनाएं दे रहे थे। पखवाड़े भर पहले पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया गया। मामले को लेकर दोनों परिवार के बीच बिरादरी की पंचायत हुई, लेकिन बात नहीं बनी। शनिवार शाम कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति राहुल कुमार, सास मालती देवी, ससुर रामकिशुन समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।