सरायअकिल कटैया बालू घाट पर अवैध खनन कर रहे पट्टाधारक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुक्रवार एसडीएम चायल ने टीम के साथ निरीक्षण कर यहां अवैध खनन पकड़ा था।
कटैया में भूखंड संख्या 10/19 से 10/21 तक 10 हेक्टेयर क्षेत्रफल में यमुना बालू खनन करने का पट्टा अमन ब्रिक फील्ड के प्रोपराइटर जावेद अली के नाम स्वीकृत है।
शुक्रवार शाम एसडीएम चायल सौम्य मिश्रा, सीओ मनोज सिंह रघुवंशी, इंस्पेक्टर विनीत सिंह पुलिस फोर्स के साथ घाट का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान पट्टाधारक को आवंटित भूखंड के पैमाइश करने पर उत्तर दिशा करीब 50 मीटर दूर पोकलैंड और जेसीबी मशीन से अवैध बालू खनन करते पकड़ा गया था। टीम को देखते ही खनन कर रहे लोग मौके से भाग गए।
टीम ने नापजोख में पाया कि स्वीकृत भूखंड सीमा से हटकर 1365 घनमीटर अवैध बालू का खनन किया गया है। मौके से पकड़ी गई चार पोकलैंड मशीन पुलिस ने थाने लाकर सीज की थीं। खान अधिकारी शत्रुघन सिंह की तहरीर पर देर शाम पुलिस ने पट्टाधारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।