नगर कोतवाली के एदिलपुर के समीप रविवार शाम तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे युवक की मौत हो गई। होलिका दहन के दिन हुई युवक की मौत की खबर घर पहुंची तो परिजन रोने-बिलखने लगे।
नया पुरवा निवासी उमेश कुमार (23) पुत्र सहदेव खुद की कार चलाकर परिवार का गुजारा करता था। रविवार शाम वह किसी काम से करारी की तरफ गया था। वापस लौटते समय एदिलपुर के समीप उसकी तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे में कार चालक उमेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त होने पर जानकारी परिजनों को दी। परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की औपचारिकताएं पूरी कर शव कब्जे में लिया।