धाम थाना क्षेत्र में गंगा पुल पार करते ही फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बनकर डॉक्टर दंपती से कार, नकदी और आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार, रायबरेली जिले के पूरे राना, डलमऊ निवासी डॉ. प्रमोद कुमार अपने परिवार के साथ वैगनआर कार से मनगढ़ दर्शन करने के बाद कड़ाधाम स्थित मां शीतला मंदिर के दर्शन के लिए आ रहे थे। आरोप है कि दोपहर करीब 12 बजे गंगा पुल पार करते ही पीछे से आई बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी कार को रुकवा लिया। स्कॉर्पियो सवार युवकों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए बकाया किस्त के नाम पर 18 हजार रुपये की मांग की। डॉक्टर ने रसीद मांगी तो आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके और पांच हजार रुपये देने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डॉक्टर और उनकी पत्नी को जबरन कार से नीचे उतार दिया और परिवार को अपनी स्कॉर्पियो में बैठने के लिए कहा। इसी दौरान बदमाश डॉक्टर की वैगनआर कार लेकर फरार हो गए। कार में 25 हजार रुपये नकद, सोने की दो बालियां और परिवार का अन्य सामान रखा था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची कड़ाधाम पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।