बाइक की भिड़ंत में कारोबारी की मौत, दो गंभीर
- पश्चिमशरीरा के रंगाई का पुल के समीप हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
पश्चिम शरीरा। रंगाई पुल के पास बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बेकरी कारोबारी की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार रहे दो लोगों को गंभीर चोट आई हैं। इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पश्चिमशरीरा कस्बे के बेकरी कारोबारी अंकुश केसरवानी (28) सोमवार शाम अंधावां में माल पहुंचाने के बाद बाइक से घर आ रहे थे। रंगाईपुर के समीप सामने से आ रहे दूसरी बाइक पर सवार महेवाघाट कोतवाली के निगहा निवासी बबलू (30) व मोटू (18) से टक्कर हो गई। घटना में अंकुश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। अंकुश की शादी दो साल पहले करारी में हुई थी। उसके दो साल का एक बेटा अन्नू भी है। वहीं, जिला अस्पताल में भर्ती बबलू व मोटू की भी हालत नाजुक बनी हुई है।
-
हादसे में युवक की मौत मामले में मुकदमा दर्ज
मंझनपुर। सैनी कोतवाली क्षेत्र के कमासिन के समीप 10 दिन पहले सड़क दुर्घटना में युवक की मौत मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्नाव जिला निवासी सुभाष ने बताया कि कानपुर के टीपी नगर निवासी शिवराज (34) 10 अगस्त को वाराणसी जाने की बात कहकर बाइक से निकले थे। कमासिन के समीप अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे में शिवराज को गंभीर चोट आई थी। कानपुर में इलाज के दौरान पिछले दिनों शिवराज की मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस केस दर्ज कर छानबीन कर रही है। संवाद