सराफा कारोबारी की अपहृत बेटी राजस्थान से बरामद हो गई है। एक फरवरी को घर से लापता किशोरी के मामले में आठ लोगों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया गया था। चर्चित अपहरण कांड में किशोरी की बरामदगी के लिए सर्विलांस, एसओजी, साइबर सेल व पुलिस की टीमों का लगाया था।
पिपरी कोतवाली इलाके के मनौरी बाजार से एक फरवरी 2024 को सराफा कारोबारी की नाबालिग बेटी का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। जिसके बाद किशोरी के पिता ने भरवारी बाजार निवासी तालिब, समीर, इमरान, उस्मान, अजीत, शम्स हसन उर्फ अनश, शहीद समेत आठ आरोपियों के खिलाफ बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पिपरी कोतवाली ने केस दर्ज कर सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन नाबालिग बेटी की बरामदगी नहीं कर पाई थी। पीड़ित पिता ने 15 दिन पहले मुख्यमंत्री से मिलकर नाबालिग बेटी के बरामदगी की गुहार लगाई थी। जिसके बाद आईजी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी चायल, एसओजी, सर्विलांस और साइबर थाने के दक्ष पुलिस कर्मियों की टीम गठित कर किशोरी की बरामदगी के लिए लगाया। पुलिस की इन टीमों ने मुंबई, जयपुर (राजस्थान), दिल्ली, मध्य प्रदेश के भिंड में लगातार दबिश देती रही। 15 जून को फेसबुक पर डाली गई एक पोस्ट की लोकेशन पाकर साइबर सेल ने एसओजी टीम के साथ शुक्रवार को राजस्थान के अजमेर स्थित नाला बाजार के समीप से कारोबारी की बेटी को बरामद कर लिया। किशोरी को अगवा करने वाला आरोपी भी नाबालिग था। उसे भी बरामद किया गया है। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि एक फरवरी की रात किशोर अपने आठ परिजनों के साथ चरपाहिया वाहन से उसके घर आया। वह सभी उसे बहलाकर व्यापार के लिए चार लाख 32 हजार रुपये मांगकर प्रयागराज ले गए। जाते समय उसका मोबाइल फोन पूरामुफ्ती के पास स्वीच ऑफ कर फेंक दिया गया। प्रयागराज में कार छोड़कर पहले किशोरी को वाराणसी फिर गुजरात, मुंबई, मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान के अजमेर स्थित नाला बाजार के पास किराए के मकान में नाम पता बदल कर रखा गया। पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर कौशाम्बी लाने के बाद उसका महिला थाना में बयान और मेडिकल जांच सहित अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में पिपरी इंस्पेक्टर बृजेश करबरिया का कहना है कि दोनों एक ही स्कूल में पढ़ रहे थे। मामला प्रेम प्रसंग का है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-
इनका कहना है
किशोरी के अपहरण होने की घटना को लेकर पुलिस की कई टीमें छानबीन कर रहीं थी। जिसका नतीजा रहा कि किशोरी राजस्थान में सकुशल बरामद हुई है। किशोरी को अगवा करने वाला किशोर भी पकड़ा गया है। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। मामले की जांच व किशोरी के बयान लिए गए हैं।
बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी