तालाब में डूबी बोलेरो, वाहन सवारों को सुरक्षित निकाला गया
चायल कस्बा में रैन बसेरा के समीप सोमवार रात तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। कस्बा स्थित रैन बसेरे के पास तालाब में सोमवार रात अनियंत्रित हुई एक अवर अभियंता की बोलेरो डूब गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने गाड़ी में सवार अभियंता और परिवार के चार सदस्यों को सकुशल बाहर निकाला। अभियंता एक तिलक समारोह से लौट रहे थे।
चरवा कोतवाली क्षेत्र के मोहीउद्दीनपुर निवासी अश्वनी यादव बिजली विभाग में अवर अभियंता के पद पर तैनात हैं। इन दिनों वह प्रयागराज के नैनी में रहते हैं। सोमवार को वह लूकरगंज निवासी एक साथी अवर अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह और बेटी आस्था व बेटे हर्ष के साथ सरायअकिल के कनैली गांव निवासी आनंद मोहन के यहां तिलकोत्सव में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय रात करीब 12 बजे उनकी बोलेरो चायल कस्बा स्थित रैन बसेरा के समीप अनियंत्रित होकर तालाब में चली गई। तालाब में पानी होने के कारण गाड़ी में सवार लोग डूबने लगे। राहगीरों ने शोर मचाकर मोहल्ले के लोगों को एकत्रित किया। इसके बाद बोलेरो सवार लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया। देर रात सभी को दूसरे वाहन से प्रयागराज भेज दिया गया है।