साइबर शातिरों ने वीडियो कॉल के जरिये एक युवक से ब्लैकमेल कर पौने दो लाख लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित की तहरीर पश्चिमशरीरा कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली के कोरीपुर निवासी बनवारी लाल ने बताया कि 21 जनवरी को उसके मोबाइल पर एक युवती ने वीडियो कॉल किया। कॉल रिसीव करने पर युवती ने उसकी फोटो ले ली। इसके बाद फोटो को एडिट कर अश्लील तस्वीर भेज उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा।
युवती ने उन्हें ब्लैकमेल करते हुए पहले 50 हजार रुपये फोन-पे पर लिए। इसके बाद सवा लाख रुपये भीलवाड़ा निवासी किसी राजवीर सिंह के खाते में आरटीजीएस करा लिए। इसके बाद फिर से दो लाख की डिमांड की गई तो युवक ने जानकारी परिजनों को दी।
युवक की आपबीती सुनकर परिजन युवक को लेकर कोतवाली गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी राजवीर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।