कलक्ट्रेट में एडीएम को मांगो का ज्ञापन सौंपते भाकियू के कार्यकर्ता। स्रोत : संगठन
भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) गुट के जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में शनिवार को संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता डायट मैदान में एकत्रित हुए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए किसान पैदल मार्च कर कलक्ट्रेट पहुंचे, जहां जिलाधिकारी के नाम संबोधित सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एडीएम ओम प्रकाश को सौंपा गया। ज्ञापन में चायल स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में ट्रेजरी चालान जमा कराने की अनुमति, चायल यूनानी अस्पताल के जर्जर भवन को गिराकर नया भवन बनाने, नेवादा ब्लॉक के बड़ा पिपरहाटा गांव की 150 बीघा कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ने के लिए सरकारी नलकूप लगवाने की मांग की गई। इसके अलावा इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण, ग्राम सभाओं में हैंडपंप लगवाने के साथ सफाई व्यवस्था सुधारने और बिदनपुर ककोढ़ा गांव में जल जीवन मिशन की टंकी से जलापूर्ति शुरू कराने की मांग उठाई गई। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। संवाद