कलक्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में रविवार को जिला योजना समिति के सदस्य पद का चुनाव हुआ। इसमें मंझनपुर नगर पालिका से भाजपा के सभासद अंशुल केसरवानी निर्वाचित हुए। अंशुल ने अपने ही दल के शानू कुशवाहा को 55 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। नतीजों की घोषणा होते ही समर्थक जश्न में डूब गए।
जिला योजना समिति के सदस्य पद के चुनाव में अंशुल केसरवानी, कल्लन सिंह, ज्ञान सिंह और शानू कुशवाहा समेत चार प्रत्याशी मैदान में थे। मुकाबला शुरू से ही अंशुल और शानू कुशवाहा के बीच माना जा रहा है।
रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच कलक्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। चुनाव में जिलेभर के दसों नगर निकायों से निर्वाचित 153 वार्ड सभासदों को मतदान करना था।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएसटीओ एपी सिंह ने बताया कि शाम तीन बजे तक 148 सदस्यों ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद हुई मतों की गिनती में मंझनपुर से भाजपा सभासद निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव में अंशुल को 97 मत मिले। वहीं, निकटतम प्रतिद्वंदी भरवारी नगर पालिका के सभासद शानू कुशवाहा को 42 मत से संतोष करना पड़ा। कल्लन सिंह को सात और ज्ञान सिंह एक मात्र वोट मिला।
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम सुजीत कुमार ने नवनिर्वाचित सदस्य अंशुल केसरवानी को जीत का प्रमाण पत्र देते हुए शुभकामनाएं दी। अंशुल की जीत से उनके समर्थकों में हर्ष का माहौल है। समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी।