भाजयमुमो के महामंत्री की पिटाई के बाद जुटी भीड़।
- फोटो : संवाद।
कोखराज कोतवाली के गिरसा गांव स्थित सड़क किनारे बेशकीमती जमीन पर जबरन कब्जा कर रहे दबंगों ने भाजयुमो के जिला महामंत्री को सरेराह पीटा। आरोप है कि उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी। न देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने छह नामजद समेत 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मारपीट व हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि, ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है। घटना के हफ्ते भर पहले की है।
भरवारी कस्बे के नयानगर मोहल्ला निवासी भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री हर्ष केसरवानी के भाई शशांक केसरवानी ने बताया कि गिरसा गांव के समीप सड़क किनारे उनकी जमीन पर असवां निवासी समर उपाध्याय व उसके कुछ साथी जबरन कब्जा करना चाहते हैं। 11 मार्च को समर अपने साथियों के साथ तमंचे से लैस होकर आया और निर्माण कराने लगा।
जानकारी होने पर शशांक अपने भाई हर्ष केसरवानी के साथ पहुंचा। निर्माण रोकने पर विपक्षियों ने दोनों के साथ धक्का-मुक्की की। सूचना पर आई कोतवाली पुलिस ने समझाकर 22 मार्च को भूमि विवाद सुलझाने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद विपक्षी दबंगई पर उतारू रहे।
आरोप है कि 15 मार्च को समर ने अपने साथी नितीश पांडेय निवासी शमशाबाद मंझनपुर, निजामपुर नौगीरा निवासी अथर्व मिश्र, भरवारी निवासी रितेश केसरवानी, मूरतगंज निवासी सलमान अहमद, सैलाबी निवासी मो. उमर व 50 अन्य साथियों के साथ मेहता रोड भरवारी में हर्ष को घेर लिया। उसे गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला और जमकर पिटाई की। साथ ही जमीन पर कब्जा छोड़ने के बदले 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
इन्कार करने पर उसी जमीन पर परिवार को जिंदा दफन करने की धमकी दी।कस्बावासियों के हस्तक्षेप पर विपक्षी धमकाते हुए भाग निकले। शशांक की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।