कड़ा। शीतला धाम तिराहे के समीप बृहस्पतिवार की रात सड़क किनारे फैले कंक्रीट से फिसलकर बाइक ट्राली में घुस गई। इससे बाइक सवार छोटे भाई की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की मौत से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब हो गई।
कड़ा कोतवाली के छोटा टिलवा गिरधरपुर गढ़ी निवासी विनोद कुमार (25) बृहस्पतिवार की शाम अपने बड़े भाई अमर सिंह (27) के साथ रिश्तेदारी गए थे। देर शाम दोनों घर लौट रहे थे। शीतला धाम तिराहे के समीप चुन्ना केसरवानी के मकान के पास इनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क पर पड़ी कंक्रीट से फिसल कर ट्रैक्टर के नीचे घुस गई। हादसे में दोनों भाई जख्मी हो गए। हादसा देख जुटे स्थानीय लोगों ने सूचना पुलिस व परिजनों को देते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
यहां डॉक्टरों ने देखते ही विनोद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जख्मी अमर सिंह की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक के भाई दिलीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।