बेकाबू कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की सोमवार दोपहर मौत हो गई। जवान बेटे की मौत होने की सूचना घर पहुंची तो परिजन रोने-बिलखने लगे।
पइंसा कोतवाली के स्थानीय गांव निवासी अंसार अहमद के 20 वर्षीय बेटे लुकमान अहमद बालेका पुरवा में सैलून चलाता था। सोमवार दोपहर वह बाइक से फतेहपुर के खखरेरू बाजार कैंची में धार लगवाने जा रहा था।
रास्ते में भदौहा गांव के पास धाता रोड की तरफ जा रही कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से लुकमान की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक तेज रफ्तार से कार लेकर भाग निकला। इस दौरान कार की नंबर प्लेट बाइक में फंसी रह गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने नंबर प्लेट के आधार पर कार और चालक की खोजबीन शुरू कर दी है।
बाइक की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग घायल
चरवा के सिकंदरपुर आइमा निवासी बल्लू (70) सोमवार को साइकिल से सरायअकिल बाजार खरीदारी करने गए थे। लौटते समय भगौतीगंज के पास फकीराबाद की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में वृद्ध बल्लू के पैर की हड्डी टूट गई। पुलिस ने उन्हें सीएचसी सरायअकिल में भर्ती कराकर परिजनों को सूचना दी।
ट्रक की टक्कर से कार चालक गंभीर
प्रतापगढ़ जनपद के संग्रामगढ़ निवासी कार सवार राजेश पांडेय (45) को रविवार रात कड़ा धाम कोतवाली के लेहदरी गांव के पास बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कर खाई में गिर गई। जबकि, कार सवार राजेश पांडेय गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
पुलिस ने घायल को इलाज के लिए कड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल
स्थानीय गांव निवासी अब्दुल मोकीद और मो. जुबेर सोमवार सुबह बाइक से मंझनपुर दवा लेने जा रहे थे। रास्ते में दुवरा चौराहा के पास साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में इनकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में चली गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
ट्रक की टक्कर ट्रैक्टर चालक समेत दो गंभीर
सैनी कोतवाली के लोहंदा मोड़ के पास सोमवार को बेकाबू ट्रक ने थ्रेशर लेकर जा रहे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक आसिफ(35) और साथ बैठे उस्मान (37) घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।