मंझनपुर। यातायात माह का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। महीने भर तक चले अभियान में एक बात यह सामने आई कि नियमों को तोड़ने में बाइक सवार अव्वल हैं। पुलिस ने बिना हेलमेट में 3516 और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी चलाने वाले 2926 लोगों का चालान किया। कुल 8399 वाहनों का चालान कर करीब 87 लाख का जुर्माना किया गया।
एक नवंबर को यातायात माह का शुभारंभ एडीजी भानु भाष्कर ने किया था। अभियान का बृहस्पतिवार को मंझनपुर चौराहे पर समापन किया गया। इस मौके पर एएसपी समर बहादुर ने बताया कि महीने भर के अभियान के तहत सेंट फ्रांसिस कॉलेज बेरुआ, रिजवी स्प्रिंग फील्ड स्कूल करारी, जवाहर नवोदय विद्यालय टेवां, कृषक इंटर कॉलेज हिनौता और एमवी कॉन्वेंट ओसा में कार्यशाला का आयोजन किया गया था।
यातायात प्रभारी राकेश चौरसिया ने बताया कि अभियान के तहत कुल 83 सौ 99 वाहन चालकों का चालान किया गया। इन वाहन चालकों पर 86 लाख 80 हजार सात सौ रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इस मौके पर सीओ ट्रैफिक अभिषेक सिंह, एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल, इंस्पेक्टर सदर संतोष शर्मा, महिला थाना प्रभारी व टेंपो टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
-