मूरतगंज। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत कमिश्नर विजय विश्वास पंत ने रविवार को मूरतगंज कस्बा स्थित पक्का तालाब और महगांव की मलिन बस्ती का निरीक्षण किया। यहां श्रमदान कार्यक्रम की हकीकत देखी। पक्का तालाब की साफ-सफाई कर सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। महगांव की मलिन बस्ती में पाइप लाइन बिछाने के लिए तोड़ी गई सड़क की हालत और सामुदायिक शौचालय की गंदगी देख नाराजगी व्यक्त करते हुए अभियान चलाकर सफाई कराने का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त/नोडल अधिकारी ने महगांव इंटर कॉलेज के पास श्रमदान कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इसके बाद गांव की मलिन बस्ती पहुंचे।के निरीक्षण के दौरान विशेष अभियान चलाकर पूरे गांव की साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए। गांव में हर घर नल से जल के तहत पाइप लाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़क नहीं दुरुस्त कराने और सामुदायिक शौचालय में गंदगी देख कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
पंचायत सचिव को बेहतर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पिछले दो वित्तीय वर्ष के दौरान गांव में कराए गए कार्यों की बुकलेट उपलब्ध कराने तथा वर्मी कम्पोस्ट की तकनीकी जांच कराने के भी निर्देश दिए। ग्रामीणों से बात कर राशन, पेंशन की जानकारी ली। साथ ही उनकी समस्याएं सुन संबंधित अधिकारियों को निस्तारित के निर्देश दिए। बच्चों से वार्ता करते हुए नियमित रूप से स्कूल जाकर मन से पढ़ाई करने के लिए कहा।
कमिश्नर ने पैगंबरपुर गांव का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम सुजीत कुमार, सीडीओ डॉ. रविकिशोर त्रिवेदी,एसडीएम चायल दीपेंद्र यादव, बीडीओ संजय कुमार गुप्ता, ईओ भरवारी सुनील मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष कविता पासी मौजूद रहीं।