ससुरालियों ने एक विवाहिता पर जुल्म की इंतेहा कर दी। घरेलू काम में कमी निकाल कर विवाहिता को प्रताड़ित करते रहे। पिछले दिनों ससुरालियों ने मारपीट कर विवाहिता को घर से निकाल दिया। पति ने भी दहलीज पर ही तीन बार तलाक बोल कर सारे रिश्ते समाप्त कर लिए। मामले की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कड़ाधाम के स्वातखत उर्फ कड़ा निवासी मो. सरफराज ने बताया कि उसने अपनी बहन शहरेनाज की शादी 21 फरवरी 2023 को फतेहपुर शहर के निबहरा मसवानी मोहल्ला निवासी मो.आरिफ सलमानी के साथ की थी।
आरोप है कि ससुराल में बहन शहरेनाज को प्रताड़ित किया जाता था। नौकरों की तरफ काम कराया जाता था। घरेलू कार्यों में कमी निकालकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। 12 जनवरी 2024 ससुरालियों ने मारपीट कर बहन को घर से निकाल दिया। घर के दहलीज पर ही पति ने तीन बार तलाक..तलाक..तलाक बोला व सारे रिश्ते समाप्त कर लिए।
पीड़ित महिला और उसके भाई की शिकायत पर कड़ाधाम कोतवाली पुलिस ने पति आरिफ, अज्जन, तस्लीम बानो, सन्नो, जन्नतुन निशा, अच्छन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।