अलीपुरजीता गांव में भ्रमण के दौरान लोगों से बात करते प्रभारी मंत्री सुरेश राही। स्रोत: प्रश
जिले के प्रभारी व सूबे कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही दो दिवसीय भ्रमण पर बृहस्पतिवार को कौशाम्बी पहुंचे। पहले दिन उन्होंने गांवों के विकास की एक झलक देखनी चाही। इसी उद्देश्य से जब वह कड़ा ब्लॉक के अलीपुर जीता गांव पहुंचे तो वहां खराब पड़े हैंडपंप और फैली गंदगी ने विकास की पोल खोल दी। बातचीत के दौरान ग्रामीणों ने भी तमाम समस्याएं भी गिनाईं।
प्रभारी मंत्री को अलीपुरजीता गांव में कई जगह गंदगी देखने को मिली। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। अफसरों व कर्मचारियों को फटकार भी लगाई। बीडीओ को तत्काल अभियान चलाकर गांव को साफ-सुथरा बनाने के निर्देश दिए। कहा कि कहीं भी गंदगी या जलभराव नहीं होना चाहिए। भ्रमण के दौरान गांव में खराब हैंडपंप भी देखने को मिले। इस पर भी उनका पारा चढ़ गया।
मंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी में पानी की दिक्कत को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। फिर भी अमल नहीं हो रहा है। यह लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बीडीओ से कहा कि तत्काल खराब पड़े हैंडपंपों को दुरुस्त कराएं। अन्यथा, कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा प्रभारी मंत्री ने घर-घर जाकर लोगों से बातचीत भी की। सरकार की ओर से चलाई जा रहीं योजनाओं के बारे में बताया। उनका लाभ मिल रहा है या नहीं, यह भी लोगों से पूछा।
जल जीवन मिशन के चल रहे काम के निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने जल निगम के एक्सईएन से पूरे प्रोजेक्ट की जानकारी ली। जल्द से जल्द गुणवत्ता के साथ काम पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अफसरों ने कहा कि गांव में पात्र ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। गांव की बदहाल नाली और सड़क को दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए।
इस मौके पर सीडीओ डॉ. रवि किशोर त्रिवेदी, उप जिलाधिकारी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य आदि मौजूद रहे।