सिराथू सीएचसी में तैनात एक एएनएम को शनिवार दोपहर हमलावरों ने बेरहमी से पीटा। एएनएम ने दो महीने पहले ही चित्रकूट निवासी दूर के रिश्तेदार के साथ प्रेम विवाह किया था। शोरगुल होने पर मोहल्ले के लोग पहुंचे तो हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले हैं। फिलहाल मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की गई। महिला का पति चित्रकूट से जिले के लिए रवाना हो चुका है।
चित्रकूट जिले के मऊ निवासी जीतेंद्र सिंह ने बताया कि वह प्राइवेट जॉब करता है। करीब दो महीने पहले उसने एक युवती से प्रेम विवाह किया। पत्नी स्वास्थ्य विभाग में एएनएम हैं। उसकी तैनाती सीएचसी सिराथू में है। जीतेंद्र ने फोन पर बताया कि पत्नी सिराथू कस्बे में ही फ्लैट लेकर किराए पर रहती है। शनिवार शाम पत्नी ने फोन करके बताया कि कुछ लोगों ने उसके फ्लैट में धावा बोलकर मारपीट की। घटना की जानकारी यूपी-112 को दी गई। पुलिस टीम पहुंची तो, लेकिन मोहल्ले से होकर लौट आई। जीतेंद्र के मुताबिक रात तक वह सैनी कोतवाली पहुंच जाएगा। पत्नी से बातचीत के बाद पुलिस को तहरीर दी जाएगी। सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा का कहना है कि शिकायत मिलती है तो वह जांच कराकर कार्रवाई करेंगे। फिलहाल पुलिसकर्मियों को बताए गए घटना स्थल की जांच के लिए भेजा जाएगा।