जिले के आठ सामुदायिक और 29 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ, जिसमें 1069 मरीजों ने उपचार कराया। हर केंद्र पर डायरिया पीड़ितों के साथ मौसम जनित बीमारियों से बीमार लोग आए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू के दायरे में चार पीएचसी आती हैं। सीएचसी संग इन चारों पीएचसी में करीब 350 मरीज पहुंचे। इनमें डिहाईड्रेशन के 100, उल्टी के 10, लूजमोशन के 25, बुखार के 60, जोड़ों में दर्द के 40 मरीज आए। इसके अलावा तमाम गर्भवती महिलाएं जांच व टीकाकरण के लिए आईं।
इसी तरह सीएचसी चायल, पीएचसी कसेंदा और चरवा में करीब 360 मरीज पहुंचे। इनमें बुखार के 55, डायरिया के 70 और त्वचा के 20 समेत अन्य रोगी शामिल रहे। वहीं पीएचसी नेवादा में करीब 45 मरीज आए थे, जिनमें सबसे अधिक करीब 27 मरीज बुखार व उल्टी के रहे। अन्य लोग त्वचा व पेट दर्द आदि रोगों से पीड़ित रहे।
यही हाल जिले की अन्य सीएचसी व पीएचसी का भी रहा। इस तरह पूरे जिले में कुल 1069 मरीजों ने स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाया। 21 मरीजों को चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। 34 लोगों ने आयुष्मान कार्ड भी बनवाए गए।
अफसरों ने लिया स्वास्थ्य मेलों का जायजा
डिप्टी सीएमओ डाॅ. एचपी मणि ने पीएचसी मंझनपुर व मूरतगंज, डिप्टी सीएमओ डॉ. केडी सिंह ने सीएचसी सिराथू व डिप्टी सीएमओ डाॅ. सुनील सिंह ने सीएचसी कड़ा में लगे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि सभी जगह व्यवस्थाएं चुस्त-दुरस्त रहीं।
डेढ़ बजे तक आए थे सिर्फ नौ मरीज
नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अजुहा में डेढ़ बजे तक सिर्फ नौ मरीज आए थे। जबकि, अस्पताल के बंद होने में सिर्फ आधे घंटे बचे थे। डॉ. विकास यादव ने बताया कि दो मरीज पेट दर्द के, एक त्वचा रोग, दो बुखार, चार कमर व बदन दर्द से पीड़ित रहे। इनका उपचार किया गया है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के कारण यह मरीज अधिक आ रहे हैं।