उमरछा गांव में होरीलाल के अंतिम संस्कार में जुटी भीड़ संवाद
मोहीउद्दीनपुर गांव में मारे गए होरीलाल, उसकी बेटी बृजकली व दामाद शिवसरन का गम व गुस्से के बीच शनिवार को अंतिम अंतिम संस्कार किया गया। कातिलों की तलाश में गठित पुलिस की आठ टीमों ने जिले के अलावा पड़ोसी जनपदों के 15 से अधिक स्थानों पर छापा मारा, लेकिन किसी का पता नहीं चल सका।
होरीलाल व उसकी बेटी बृजकली का उमरछा स्थित गंगा घाट में अंतिम संस्कार किया गया। शिवसरन का शव परिवार के लोग उसके पैतृक गांव कांकराबाद ले गए थे। वहां से संदीपनघाट में अंतिम संस्कार किया गया। होरीलाल के घरवाले व रिश्तेदार शव मोहीउद्दीनपुर स्थित विवादित जमीन में दफन करना चाहते थे, लेकिन पुलिस तीनों शवों को गांव लाने के बजाय सीधे गंगा घाट ले गई। इसे लेकर पुलिस को महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। होरीलाल की तीन बेटी गुड्डी, सूरजकली व सुमन परिवार और रिश्तेदारों के साथ गंगाघाट की तरफ रवाना हुई तो बीच रास्ते में ही सभी को रोककर पीएसी के ट्रक में बैठाकर वापस लाया गया। घटना के बाद से गांव में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी तैनात की गई है। होरीलाल के घरवाले व जयकरन सिंह यादव के परिजन ही गांव में है। बाकी 50 घरों की बस्ती में ताला लगाकर लोग पलायन कर चुके हैं। उधर, घटना में होरीलाल के बेटे सुभाष की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दो लोग शुक्रवार को ही हिरासत में ले लिए गए थे। वांक्षित छह लोगों की तलाश में गठित पुलिस की आठ टीमों में शामिल 52 जवान जिले के अलावा प्रतापगढ़ व प्रयागराज के 15 स्थानों पर दबिश दे चुकी हैं। इसके बाद भी कोई आरोपी पकड़ा नहीं जा सका। उमरछा घाट में होरीलाल व उसकी बेटी बृजकली के अंतिम संस्कार के वक्त डीएम सुजीत कुमार व एसपी बृजेश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की आठ टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रहीं है। दो लोग हिरासत में लिए गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी
उमरछा गांव में होरीलाल के अंतिम संस्कार में जुटी भीड़ संवाद
उमरछा गांव में होरीलाल के अंतिम संस्कार में जुटी भीड़ संवाद
उमरछा गांव में होरीलाल के अंतिम संस्कार में जुटी भीड़ संवाद